Showing posts with label Hindi literature. Show all posts
Showing posts with label Hindi literature. Show all posts

Friday, October 25, 2013

Dhanyawaad - Mamta Sharma

धन्यवाद
--------------------------------------

पञ्च तत्वों को देहमें गढ़ कर,
उसमें देते प्राणको धर ,
लीला में हमकोरचते
धन्यवाद स्वीकार कीजिये   

माटी के तनमें अपनी,
 छवि कोदिखला- दिखला कर,
हम जैसों के मनको छलते
धन्यवाद स्वीकार कीजिये

कण कण मेंफैला ज्योति को,
अनहत - आहत मेंरमते ,
मंद - मंद उसपर हँसते
धन्यवाद स्वीकार कीजिये


ओर - छोर पता किसी को,
राह सुगम याअगम रस्ते ,
कस्तूरी बन, मनबसते 
धन्यवाद स्वीकार कीजिय

वाष्प में ढलमेघों में बदल,
हिम बन नदीझरनों में चल,
सागर वत हमकोधरते  

धन्यवाद स्वीकार कीजिये

- ममता शर्मा 
--------------------------------------

Thursday, June 27, 2013

Aasha aur dard - Milap Singh

======================================
आशा और दर्द - मिलाप सिंह 
======================================

उफनते गम के सुमुंदर में उतर जाता हूँ
मै हंसते -हंसते कहीं पे सिसक जाता हूँ
खुशियों की माला बनाने की कोशिस में
टूटे धागे के मनको सा बिखर जाता हूँ

बज्म में अपने जज्बात छुपाने की खातिर
उछलते पैमाने की तरह मैं छलक जाता हूँ
हाल ये है हिज्र-ए-मोहबत में मेरा कि
दीद के बस एक पल को मैं तरस जाता हूँ

दिल जलाती हुई अँधेरी रातों में 'अक्स'
गरीब के आंसूं की तरह मै बरस जाता हूँ
शव को देखता है कोई हसरत से मगर
सुबह नशे की तरह मै उतर जाता हूँ

दर्द, गम और तन्हाई ही दिखे मुझको बस
उठा के कदम खुदा मै जिधर भी जाता हूँ
उफनते गम के सुमुंदर में उतर जाता हूँ
मै हंसते -हंसते कहीं पे सिसक जाता हूँ
 
~~ मिलाप सिंह ~~ 
======================================

Wednesday, February 23, 2011

BALKAND ( RAM CHARIIT MANAS)                       - GOSWAMI TULSIDAS बालकाण्ड ( राम चरितमानस -अंश ) - गोस्वामी तुलसीदास

_________________________________

कंकन किंकिनि नूपुर धुनि सुनि। कहत लखन सन रामु हृदयँ गुनि॥
मानहुँ मदन दुंदुभी दीन्ही। मनसा बिस्व बिजय कहँ कीन्ही॥
अस कहि फिरि चितए तेहि ओरा। सिय मुख ससि भए नयन चकोरा॥
भए बिलोचन चारु अचंचल। मनहुँ सकुचि निमि तजे दिगंचल॥
देखि सीय सोभा सुखु पावा। हृदयँ सराहत बचनु न आवा॥
जनु बिरंचि सब निज निपुनाई। बिरचि बिस्व कहँ प्रगटि देखाई॥
सुंदरता कहुँ सुंदर करई। छबिगृहँ दीपसिखा जनु बरई॥
सब उपमा कबि रहे जुठारी। केहिं पटतरौं बिदेहकुमारी॥

सिय सोभा हियँ बरनि प्रभु आपनि दसा बिचारि।
बोले सुचि मन अनुज सन बचन समय अनुहारि॥ २३० ॥

तात जनकतया यह सोई। धनुषजग्य जेहि कारन होई॥
पूजन गौरि सखीं लै आई। करत प्रकासु फिरइ फुलवाई॥
जासु बिलोकि अलौकिक सोभा। सहज पुनीत मोर मनु छोभा॥
सो सबु कारन जान बिधाता। फरकहिं सुभद अंग सुनु भ्राता॥
रघुबंसिन्ह कर सहज सुभाऊ। मन कुपंथ पगु धरइ न काऊ॥
मोहि अतिसय प्रतीति मन केरी। जेहिं सपनेहुँ प्ररनारि न हेरी॥
जिन्ह कै लहहिं न रिपु रन पीठी। नहिं पावहिं परतिय मनु डीठी॥
मंगन लहहिं न जिन्ह कै नाहीं। ते नरबर थोरे जग माहीं॥

करत बतकही अनुज सन मन सिय रूप लोभान।
मुख सरोज मकरंद छबि करइ मधुप इव पान॥ २३१ ॥

चितवति चकित चहुँ दिसि सीता। कहँ गए नृप किसोर मनु चिंता॥
जहँ बिलोक मृग सावक नैनी। जनु तहँ बरिस कमल सित श्रेनी॥
लता ओट तब सखिन्ह लखाए। स्यामल गौर किसोर सुहाए॥
देखि रूप लोचन ललचाने। हरषे जनु निज निधि पहिचाने॥
थके नयन रघुपति छबि देखें। पलकन्हिहूँ परिहरीं निमेषें॥
अधिक सनेहुँ देह भै भोरी। सरद ससिहि जनु चितव चकोरी॥
लोचन मग रामही उर आनी। दीन्हे पलक कपाट सयानी॥
जब सिय सखिन्ह प्रेमबस जानी। कहि न सकहिं कछु मन सकुचानी॥

लताभवन तें प्रगट भे तेहि अवसर दोउ भाइ।
निकसे जनु जुग बिमल बिधु जलद पटल बिलगाइ॥ २३२ ॥

सोभा सीवँ सुभग दोउ बीरा। नील पीत जलजाभ सरीरा॥
मोरपंख सिर सोहत नीके। गुच्छ बीच बिच कुसुम कली के॥
भाल तिलक श्रमबिंदु सुहाए। श्रवन सुभग भूषन छबि छाए॥
बिकट भृकुटि कच घूघरवारे। नव सरोज लोचन रतनारे॥
चारु चिबुक नासिका कपोला। हास बिलास लेत मनु मोला॥
मुखछबि कहि न जाइ मोहि पाहीं। जो बिलोकि बहु काम लजाहीं॥
उर मनि माल कंबु कल गीवा। काम कलभ कर भुज बलसींवा॥
सुमन समेत बाम कर दोना। सावँर कुअँर सखी सुठि लोना॥

केहरि कटि पट पीत धर सुषमा सील निधान।
देखि भानुकुलभूषनहि बिसरा सखिन्ह अपान॥ २३३ ॥

धरि धीरजु एक आलि सयानी। सीता सन बोली गहि पानी॥
बहुरि गौरि कर ध्यान करेहु। भूपकिसोर देखि किन लेहु॥
सकुचि सीयँ तब नयन उघारे। सनमुख दोउ रघुसिंह निहारे॥
नख सिख देखि राम कै सोभा। सुमिरि पिता पनु मनु अति छोभा॥
परबस सखिन्ह लखी जब सीता। भयउ गहरु सब कहहिं सभीता॥
पुनि आउब एहि बेरिआँ काली। अस कहि मन बिहसी एक आली॥
गूढ़ गिरा सुनि सुय सकुचानी। भयउ बिलंबु मातु भय मानी॥
धरि बड़ि धीर रामु उर आने। फिरी अपनपउ पितुबस जाने॥

देखन मिस मृग बिहग तरु फिरइ बहोरि बहोरि।
निरखि निरखि रघुबीर छबि बाढ़इ प्रीति न थोरि॥ २३४ ॥

जानि कठिन सिवचाप बिसूरति। चली राखि उर स्यामल मूरति॥
प्रभु जब जात जानकी जानी। सुख सनेह सोभा गुन खानी॥
परम प्रेममय मृदु मसि कीन्ही। चारु चित्त भीतीं लिखि लीन्ही॥
गई भवानी भवन बहोरी। बंदि चरन बोली कर जोरी॥
जय जय गिरिबरराज किसोरी। जय महेस मुख चंद चकोरी॥
जय गजबदन षडानन माता। जगत जननि दामिनि दुति गाता॥
नहिं तव आदि मध्य अवसाना। अमित प्रभाउ बेदु नहिं जाना॥
भव भव बिभव पराभव कारिनि। बिस्व बिमोहनि स्वबस बिहारिनि॥

पतिदेवता सुतीय महुँ मातु प्रथम तव रेख।
महिमा अमित न सकहिं कहि सहस सारदा सेष॥ २३५ ॥

सेवत तोहि सुलभ फल चारी। बरदायनी पुरारि पिआरी॥
देबि पुजि पद कमल तुम्हारे। सुर नर मुनि सब होहिं सुखारे॥
मोर मनोरथु जानहु नीकें। बसहु सदा उर पुर सबही कें॥
कीन्हेउँ प्रगट न कारन तेहीं। अस कहि चरन गहे बैदेहीं॥
बिनय प्रेम बस भई भवानी। खसी माल मूरति मुसुकानी॥
सादर सियँ प्रसादु सिर धरेऊ। बोली गौरि हरषु हियँ भरेऊ॥
सुनु सिय सत्य असीस हमारी। पूजिहि मन कामना तुम्हारी॥
नारद बचन सदा सुचि साचा। सो बरु मिलिहि जाहिं मनु राचा॥

मनु जाहिं राचेउ मिलिहि सो बरु सहज सुंदर साँवरो।
करुना निधान सुजान सीलु सनेहु जानत रावरो॥
एहि भाँति गौरि असीस सुनि सिय सहित हियँ हरषीं अली।
तुलसी भवानिहि पूजि पुनि पुनि मुदित मन मंदिर चली॥

जानि गौरि अनुकूल सिय हिय हरषु न जाइ कहि।
मंजुल मंगल मूल बाम अंग फरकन लगे॥ २३६ ॥
- गोस्वामी तुलसीदास
 
_________________________________

Tuesday, February 22, 2011

रश्मिरथी - रामधारी सिंह "दिनकर"  RashmiRathi - Ramdhari Singh "Dinkar"                          (Submitted by Shrawan Kumar Dwivedi)

______________________________


          वर्षों तक वन में घूम-घूम, बाधा-विघ्नों को चूम-चूम,
          सह धूप-घाम, पानी-पत्थर, पांडव आये कुछ और निखर।
          सौभाग्य न सब दिन सोता है,
          देखें, आगे क्या होता है।
        
          मैत्री की राह बताने को, सबको सुमार्ग पर लाने को,
          दुर्योधन को समझाने को, भीषण विध्वंस बचाने को,
          भगवान् हस्तिनापुर आये,
          पांडव का संदेशा लाये।

          'दो न्याय अगर तो आधा दो, पर, इसमें भी यदि बाधा हो,
           तो दे दो केवल पाँच ग्राम, रक्खो अपनी धरती तमाम।
           हम वहीं खुशी से खायेंगे,
           परिजन पर असि न उठायेंगे!

           दुर्योधन वह भी दे ना सका, आशिष समाज की ले न सका,
           उलटे, हरि को बाँधने चला, जो था असाध्य, साधने चला।
           जन नाश मनुज पर छाता है,
           पहले विवेक मर जाता है।

           हरि ने भीषण हुंकार किया, अपना स्वरूप-विस्तार किया,
           डगमग-डगमग दिग्गज डोले, भगवान् कुपित होकर बोले-
          'जंजीर बढ़ा कर साध मुझे,
          हाँ, हाँ दुर्योधन! बाँध मुझे।

          यह देख, गगन मुझमें लय है, यह देख, पवन मुझमें लय है,
          मुझमें विलीन झंकार सकल, मुझमें लय है संसार सकल।
          अमरत्व फूलता है मुझमें,
          संहार झूलता है मुझमें।

          'उदयाचल मेरा दीप्त भाल, भूमंडल वक्षस्थल विशाल,
           भुज परिधि-बन्ध को घेरे हैं, मैनाक-मेरु पग मेरे हैं।
           दिपते जो ग्रह नक्षत्र निकर,
           सब हैं मेरे मुख के अन्दर।

          'दृग हों तो दृश्य अकाण्ड देख, मुझमें सारा ब्रह्माण्ड देख,
           चर-अचर जीव, जग, क्षर-अक्षर, नश्वर मनुष्य सुरजाति अमर।
           शत कोटि सूर्य, शत कोटि चन्द्र,
           शत कोटि सरित, सर, सिन्धु मन्द्र।

          'शत कोटि विष्णु, ब्रह्मा, महेश, शत कोटि विष्णु जलपति, धनेश,
           शत कोटि रुद्र, शत कोटि काल, शत कोटि दण्डधर लोकपाल।
           जञ्जीर बढ़ाकर साध इन्हें,
           हाँ-हाँ दुर्योधन! बाँध इन्हें।

           'भूलोक, अतल, पाताल देख, गत और अनागत काल देख,
           यह देख जगत का आदि-सृजन, यह देख, महाभारत का रण,
           मृतकों से पटी हुई भू है,
           पहचान, इसमें कहाँ तू है।

           'अम्बर में कुन्तल-जाल देख, पद के नीचे पाताल देख,
            मुट्ठी में तीनों काल देख, मेरा स्वरूप विकराल देख।
            सब जन्म मुझी से पाते हैं,
            फिर लौट मुझी में आते हैं।

           'जिह्वा से कढ़ती ज्वाल सघन, साँसों में पाता जन्म पवन,
            पड़ जाती मेरी दृष्टि जिधर, हँसने लगती है सृष्टि उधर!
            मैं जभी मूँदता हूँ लोचन,
            छा जाता चारों ओर मरण।

           'बाँधने मुझे तो आया है, जंजीर बड़ी क्या लाया है?
            यदि मुझे बाँधना चाहे मन, पहले तो बाँध अनन्त गगन।
            सूने को साध न सकता है,
            वह मुझे बाँध कब सकता है?

           'हित-वचन नहीं तूने माना, मैत्री का मूल्य न पहचाना,
            तो ले, मैं भी अब जाता हूँ, अन्तिम संकल्प सुनाता हूँ।
            याचना नहीं, अब रण होगा,
            जीवन-जय या कि मरण होगा।

           'टकरायेंगे नक्षत्र-निकर, बरसेगी भू पर वह्नि प्रखर,
            फण शेषनाग का डोलेगा, विकराल काल मुँह खोलेगा।
            दुर्योधन! रण ऐसा होगा।
            फिर कभी नहीं जैसा होगा।

            'भाई पर भाई टूटेंगे, विष-बाण बूँद-से छूटेंगे,
             वायस-श्रृगाल सुख लूटेंगे, सौभाग्य मनुज के फूटेंगे।
             आखिर तू भूशायी होगा,
             हिंसा का पर, दायी होगा।'

             थी सभा सन्न, सब लोग डरे, चुप थे या थे बेहोश पड़े।
             केवल दो नर ना अघाते थे, धृतराष्ट्र-विदुर सुख पाते थे।
             कर जोड़ खड़े प्रमुदित, निर्भय,
             दोनों पुकारते थे 'जय-जय'! 

   ~~ रामधारी सिंह "दिनकर" ~~

______________________________

Ek purani tasvir - Gaurav Mani Khanal एक पुरानी तस्वीर - गौरव मणि खनाल

______________________________

 आज एक पुरानी तस्वीर देखी,
तस्वीर मे एक हँसी देखी,
फिर थोडा ध्यान दिया तो, पाया
हँसी के पीछे का चेहरा, कुछ जाना पहचाना,
माँ को दिखया और पूछा ये कौन है?
माँ मुस्कुराई बोली, ये तू ही है प्यारे,
मै बोला, माँ अब वो हँसी कहा गयी
माँ फिर मुस्कुराई और बोली,
अब मै समझदार हो गया हु,
जीवन की दौड़ मै, कही खो गया हु,
वो बचपन की हँसी तो वही है,
बस उसको मुख पर चमकाने की कला भूल गया हु!!!!

-- गौरव मणि खनाल
______________________________

हरी हरी दूब पर - अटल बिहारी वाजपई Hari hari doob par - Atal Bihari Vajpayee

______________________________

                         हरी हरी दूब पर ओस की बूंदे
                         अभी थी,अभी नहीं हैं|
                         ऐसी खुशियाँ जो हमेशा हमारा साथ दें
                         कभी नहीं थी, कहीं नहीं हैं|
                         कायर की कोख से,फूटा बाल सूर्य,
                        जब पूरब की गोद में,पाँव फैलाने लगा,
                        तो मेरी बगीचे का पत्ता-पत्ता जगमगाने लगा,
                        मैं उगते सूर्य को नमस्कार करूँ
                        या उसके ताप से भाप बनी, ओस की बुँदों को ढूंढूँ?

                        सूर्य एक सत्य है , जिसे झुठलाया नहीं जा सकता
                        मगर ओस भी तो एक सच्चाई है
                        यह बात अलग है कि ओस क्षणिक है
                        क्यों न मैं क्षण क्षण को जिऊँ?
                        कण-कण मेँ बिखरे सौन्दर्य को पिऊँ?

                        सूर्य तो फिर भी उगेगा, धूप तो फिर भी खिलेगी,
                        लेकिन मेरी बगीचे की हरी-हरी दूब पर,
                        ओस की बूंद, हर मौसम में नहीं मिलेगी|

                         ~~ अटल बिहारी वाजपेयी ~~
 
______________________________

प्रतिध्वनि - विकास चन्द्र पाण्डेय Pratidhwani - Vikas Chandra Pandey

______________________________

           आज अचानक मेरी परछाई से मुलाकात हुई ..
           धुंधली रौशनी में कुछ अनोखी सी बात हुई ..
           उसके साथ को पाकर एक अजीब सी अनुभूति हुई ..
           यादों के खोये हुए पन्नो से फिर मुलाकात हुई ..

                          तभी कुछ अप्रत्याशित से बात हुई ..
                          उस परछाई ने मुझे आवाज़ दी ..
                          प्रश्नों की अविरल धारा से ये मेरी पहली मुलाकात थी ..
                          ये और कुछ नहीं शयेद मेरे अंतर्मन की आवाज़ थी ..

           रात के अँधेरे में वो अजीब सी राह थी ..
           वो मेरी मेरे सच से पहली मुलाकात थी ..
           फिर भी मन में एक अजीब से हलचल है ..
           क्या ये सब सच है ..
           या बस आँखों का भ्रम है ...
                       पर उसकी आवाज़ में कुछ तो बात थी ..
                       क्या ये सभी मेरे अतीत की बात थी ?? ..
                       उन प्रश्नों ने मुझे एक नयी राह दी ..
                       मेरे भटके हुए वर्तमान को एक नयी पहचान दी ..
 
            ये मेरी परछाई से पहली मुलाकात थी ..
            नहीं ये मेरी खुद से पहली मुलाकात थी ..  

                               ~ विकास चन्द्र पाण्डेय ~
______________________________

Monday, February 21, 2011

मिली सच्चाई - अंकिता जैन Mili Sacchai - Ankita Jain


____________________________

इक दिन अनजाने में मिली सच्चाई ,
थोड़ी सहमी, थोड़ी घबरायी ,
धीरे से मुझे पास बुलाकर ,
कहने लगी अब शामत आई ,
आँखों में आंसू भरकर ,
अपनी कहानी मुझे सुनाई ,
कहने लगी सपने में मैंने ,
खतरे सी की इक आहट पाई ,
अपने दिल से मुझे हटाकर ,
झूठ की चादर सबने चढ़ाई,
इक दिन अनजाने में मिली सच्चाई ,
थोड़ी सहमी, थोड़ी घबरायी …..
 





बदल गयी रिश्तों की भाषा ,
प्यार ने ली इक नयी परिभाषा ,

सादगी से दूर कहीं अब ,
प्रदर्शन पर तीर है साधा ,
  कॉलेज में जब पड़ने जाएँ ,
टीचर, लेकचर सभी भुलाएँ ,

हर दिन इक नयी कहानी बनाये ,

झूठ के हर रिश्ते अपनाएं ,
वफ़ा हटाकर हर व्यक्ति ने ,
बेवफाई दिल में है बसाई
इक दिन अनजाने में मिली सच्चाई ,
थोड़ी सहमी, थोड़ी घबरायी ….
                      
                               अंकिता जैन

____________________________

मेरे मन की बात - गौरव मणि खनाल Mere Man Ki Baat - Gaurav mani Khanal

__________________________

कभी कोई मेरे दर्द को भी समझे,
दिल के पिंजरे में बंद मेरे अरमानो को समझे,
उड़ना चाहता हूँ मै भी खुले आकाश मै,
कोई मेरे मन के भावों को समझे |

थक चूका हु मै दुनिया के साथ चल कर,
कोई मेरा हाथ पकड़ मुझे नयी रहा दिखा दो,
बिक गए है मेरे अरमान दुनिया के बाज़ार मे,
कोई मेरे अरमानो को फिर से जगा दो |

नए सपनों को देखने से  डरता है अब मन मेरा,
नए रास्तो मे चलने से थकता है अब तन मेरा,
प्रेम गीत गाने से मौन है अब दिल मेरा,
सोचता हु इस खुदगर्ज़ दुनिया मे कौन है अब अपना मेरा,


खो गया हु कही मै झूठ और बेईमानी के फेरे मै,
हर चेहरा हंस रहा है जूठी हँसी इस मेले मे,
मे भी उन जूठे चेहरों मे शामिल एक चेहरा हूँ ,
मुख से दीखता भोला पर अन्दर मन से मैला हूँ ,

अब ऊब कर इस जूठे भोले पन से,
आपने मन मे फेले इस मल से,
चाहता हु अब निर्मल करना इस धूमिल मन को,
पवित्र करना चाहता हु इस जीवन धन को,
बहुत जी लिया दुनिया के विचारो के साथ,
बहुत रुक लिया पाने आपनो का हाथ,

अब सव्छंद और स्वतंत्र करना,
              चाहता हु इस तन मन को,
जीना चाहता हूँ अब ऐसे,
             दे सकू प्रेरणा आने वाले कल को ..

                                      
            ~ गौरव मणि खनाल ~

__________________________

Saturday, February 19, 2011

बस कहने का अवसर दे दो - अंकेश जैन Bas Kehne ka avsar do - Ankesh Jain

______________________________

बस कहने का अवसर दे दो


तज मौन की सीमा को कह दूँगा
अंतर्मन के हर एक राज़

बस कहने का अवसर दे दो


माना अब तक चुपचाप खड़ा था
दूर नही मैं पास खड़ा था
सम्मुख मेरे तुम थे प्रियवर
फिर भी मैं खामोश खड़ा था


उन गहरी सांसो को तज कर
अंतर्मन की बात कहूगा

बस कहने का अवसर दे दो



मुझको शब्दो का ज्ञान नही है
संज्ञा की पहचान नही है
स्वरलहरी से में अनजाना
सुर ताल लय का ध्यान नही है



स्वछंद विचारो की माला से
प्रियवर तेरा श्रृंगार करूगा

बस कहने का अवसर दे दो



माना मेरी राह नई है
भोतिक ऐश्वर्य यहाँ नही है
कलाप्रेमी हूँ स्वप्न सजाता
मुझे सृष्ठी का ध्यान नही है



जीवन की अनमोल धरोहर
स्वप्नो को तुझ पर अर्पित कर दूँगा

बस कहने का अवसर दे दो



माना समय अब क्षणिक शेष है
आने वाला हर पल विशेष है
नश्वर जीवन की सांसो को
आखिर कब तक रोक सकूंगा



लेकिन प्रियवर तेरे कहने तक
मैं बस यु ही मौन रहूँगा

बस कहने का अवसर दे दो
बस कहने का अवसर दे दो

                         __अंकेश जैन  
______________________________

Friday, February 18, 2011

रिश्ते - दीप्ति गुप्ता Rishtey - Deepti Gupta

____________________________________________
अक्सर रिश्तों को रोते हुए देखा है,
अपनों की ही बाँहो में मरते हुए देखा है
टूटते, बिखरते, सिसकते, कसकते
रिश्तों का इतिहास,
दिल पे लिखा है बेहिसाब!
प्यार की आँच में पक कर पक्के होते जो,
वे कब कौन सी आग में झुलसते चले जाते हैं,
झुलसते चले जाते हैं और राख हो जाते हैं!
क्या वे नियति से नियत घड़ियाँ लिखा कर लाते हैं?
कौन सी कमी कहाँ रह जाती है
कि वे अस्तित्वहीन हो जाते हैं,
या एक अरसे की पूर्ण जिन्दगी जी कर,
वे अपने अन्तिम मुकाम पर पहुँच जाते हैं!
मैंने देखे हैं कुछ रिश्ते धन-दौलत पे टिके होते हैं,
कुछ चालबाजों से लुटे होते हैं-गहरा धोखा खाए होते हैं
कुछ आँसुओं से खारे और नम हुए होते हैं,
कुछ रिश्ते अभावों में पले होते हैं-
पर भावों से भरे होते है! बड़े ही खरे होते हैं !
कुछ रिश्ते, रिश्तों की कब्र पर बने होते हैं,
जो कभी पनपते नहीं, बहुत समय तक जीते नहीं
दुर्भाग्य और दुखों के तूफान से बचते नहीं!
स्वार्थ पर बनें रिश्ते बुलबुले की तरह उठते हैं
कुछ देर बने रहते हैं और गायब हो जाते हैं;
कुछ रिश्ते दूरियों में ओझल हो जाते हैं,
जाने वाले के साथ दूर चले जाते हैं !
कुछ नजदीकियों की भेंट चढ़ जाते हैं,
कुछ शक से सुन्न हो जाते हैं !
कुछ अतिविश्वास की बलि चढ़ जाते हैं!
फिर भी रिश्ते बनते हैं, बिगड़ते हैं,
जीते हैं, मरते हैं, लड़खड़ाते हैं, लंगड़ाते हैं
तेरे मेरे उसके द्वारा घसीटे जाते हैं,
कभी रस्मों की बैसाखी पे चलाए जाते हैं!

पर कुछ रिश्ते ऐसे भी हैं
जो जन्म से लेकर बचपन जवानी - बुढ़ापे से गुजरते हुए,
बड़ी गरिमा से जीते हुए महान महिमाय हो जाते हैं !
ऐसे रिश्ते सदियों में नजर आते हैं !
जब कभी सच्चा रिश्ता नजर आया है
कृष्ण की बाँसुरी ने गीत गुनगुनाया है!
आसमां में ईद का चाँद मुस्कराया है!
या सूरज रात में ही निकल आया है!
ईद का चाँद रोज नहीं दिखता,
इन्द्रधनुष भी कभी-कभी खिलता है!
इसलिए शायद - प्यारा खरा रिश्ता
सदियों में दिखता है, मुश्किल से मिलता है पर,
दिखता है, मिलता है, यही क्या कम है .. !!!
____________________________________________

कवितावली - गोस्वामी तुलसीदास Kavitavali - Goswami Tulsidas (Submitted by sireen, Pune)

______________________________

वधेस के द्वारे सकारे गई सुत गोद में भूपति लै निकसे ।
अवलोकि हौं सोच बिमोचन को ठगि-सी रही, जे न ठगे धिक-से ॥
'तुलसी' मन-रंजन रंजित-अंजन नैन सुखंजन जातक-से ।
सजनी ससि में समसील उभै नवनील सरोरुह-से बिकसे ॥

तन की दुति श्याम सरोरुह लोचन कंज की मंजुलताई हरैं ।
अति सुंदर सोहत धूरि भरे छबि भूरि अनंग की दूरि धरैं ॥
दमकैं दँतियाँ दुति दामिनि ज्यों किलकैं कल बाल बिनोद करैं ।
अवधेस के बालक चारि सदा 'तुलसी' मन मंदिर में बिहरैं ॥

सीस जटा, उर बाहु बिसाल, बिलोचन लाल, तिरीछी सी भौंहैं ।
तून सरासन-बान धरें तुलसी बन मारग में सुठि सोहैं ॥
सादर बारहिं बार सुभायँ, चितै तुम्ह त्यों हमरो मनु मोहैं ।
पूँछति ग्राम बधु सिय सों, कहो साँवरे-से सखि रावरे को हैं ॥

सुनि सुंदर बैन सुधारस-साने, सयानी हैं जानकी जानी भली ।
तिरछै करि नैन, दे सैन, तिन्हैं, समुझाइ कछु मुसुकाइ चली ॥
'तुलसी' तेहि औसर सोहैं सबै, अवलोकति लोचन लाहू अली ।
अनुराग तड़ाग में भानु उदै, बिगसीं मनो मंजुल कंजकली ॥
______________________________ 

मुकरियाँ - अमीर खुसरो Mukaria - Amir khushro

_____________________________

रात समय वह मेरे आवे। भोर भये वह घर उठि जावे॥
यह अचरज है सबसे न्यारा। ऐ सखि साजन? ना सखि तारा॥

नंगे पाँव फिरन नहिं देत। पाँव से मिट्टी लगन नहिं देत॥
पाँव का चूमा लेत निपूता। ऐ सखि साजन? ना सखि जूता॥

वह आवे तब शादी होय। उस बिन दूजा और न कोय॥
मीठे लागें वाके बोल। ऐ सखि साजन? ना सखि ढोल॥

जब माँगू तब जल भरि लावे। मेरे मन की तपन बुझावे॥
मन का भारी तन का छोटा। ऐ सखि साजन? ना सखि लोटा॥

बेर-बेर सोवतहिं जगावे। ना जागूँ तो काटे खावे॥
व्याकुल हुई मैं हक्की बक्की। ऐ सखि साजन? ना सखि मक्खी॥

अति सुरंग है रंग रंगीले। है गुणवंत बहुत चटकीलो॥
राम भजन बिन कभी न सोता। क्यों सखि साजन? ना सखि तोता॥

अर्ध निशा वह आया भौन। सुंदरता बरने कवि कौन॥
निरखत ही मन भयो अनंद। क्यों सखि साजन? ना सखि चंद॥

शोभा सदा बढ़ावन हारा। आँखिन से छिन होत न न्यारा॥
आठ पहर मेरो मनरंजन। क्यों सखि साजन? ना सखि अंजन॥

जीवन सब जग जासों कहै। वा बिनु नेक न धीरज रहै॥
हरै छिनक में हिय की पीर। क्यों सखि साजन? ना सखि नीर॥

बिन आये सबहीं सुख भूले। आये ते अँग-अँग सब फूले॥
सीरी भई लगावत छाती। क्यों सखि साजन? ना सखि पाति॥

                                                      - अमीर खुसरो 
_____________________________

हक़ीकत - अंकिता जैन Haquiqat - Ankita jain

आज ज़िन्दगी की हक़ीकत से मुलाक़ात हुई,
मायने समझा दिए जीने के 

जब उसने ये बात कही |

वो इन्द्रधनुष या पवन गंगा ,

हो पर्वत या रंग फूल का
नैनों  के इस जोड़े से तुमने ,

जीवन के हर क्षण को देखा |
क्या सोचे कभी मायने इनके?

ना जाना तो पूछों उनसे|
बिन इनके जिनकी दुनिया में ,

हर लम्हा काली रात रही
मायने समझा दिए जीने के

जब उसने ये बात कही ||

एक आंसू पर जान लुटा दे,
माँ रब का वो रूप है
घने वृक्ष सी छाया दे
वो पिता ,जहाँ भी धुप है |

बिन इनके क्या होती दुनिया
ना मिले जिन्हें ये पूछो उनसे
जिनकी आँखों में खुशियों को ,
हर पल पूरी करने की चाह रही
मायने समझा दिए जीने के
जब उसने ये बात कही..

अब क्यूँ हो उदास ये पूछो खुद से
क्या नहीं मिला जो माँगा रब से
आज हिला दी हर जड़ मेरी 
जब उसने ये सच्चाई कही
                                       मायने समझा दिए जीने के
                                        जब उसने ये बात कही...

                                                           ___ अंकिता जैन

Friday, January 21, 2011

गणतंत्र दिवस ( भारत ) का इतिहास 


गणतन्त्र दिवस भारत का एक राष्ट्रीय पर्व जो प्रति वर्ष 26 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन सन १९५० कोभारत का संविधान लागू किया गया था।


इतिहास

सन 1929 के दिसंबर में लाहौर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अधिवेशन
 पंडित जवाहरलाल नेहरू की अध्यक्षता में हुआ जिसमें प्रस्ताव पारित
 कर इस बात की घोषणा की गई कि यदि अंग्रेज सरकार 26 जनवरी,
 1930 तक भारत को उपनिवेश का पद (डोमीनियन स्टेटस) नहीं प्रदान 
करेगी तो भारत अपने को पूर्ण स्वतंत्र घोषित कर देगा। 26 जनवरी, 1930 
तक जब अंग्रेज सरकार ने कुछ नहीं किया तब कांग्रेस ने उस दिन भारत
 की पूर्ण स्वतंत्रता के निश्चय की घोषणा की और अपना सक्रिय आंदोलन
 आरंभ किया। उस दिन से 1947 में स्वतंत्रता प्राप्त होने तक 26 जनवरी 
स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता रहा। तदनंतर स्वतंत्रता प्राप्ति
 के वास्तविक दिन 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के रूप में स्वीकार
 किया गया। 26 जनवरी का महत्व बनाए रखने के लिए विधान निर्मात्री
 सभा (कांस्टीट्यूएंट असेंबली) द्वारा स्वीकृत संविधान में भारत के 
गणतंत्र स्वरूप को मान्यता प्रदान की गई।

आखिर क्यों मनाएं हम गणतंत्र दिवस?                     - जयति गोयल (एक  विचार  )


पूरे देश में गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। गणतंत्र दिवस को राष्ट्रीय उत्सव भी कहा जाता है। स्कूलों और सरकारी संस्थानों में यह उत्सव मनाना अतिआवश्यक है। सवाल यह उठता है कि क्या कोई भी उत्सव थोपा जाना चाहिए?

कितने लोग इसे मन से मनाते होंगे? उत्सव क्या बाध्यता से मनाए जाने चाहिए? ऐसा उत्सव जिसे बाध्य करके मनवाया जाता हो उसे उत्सव कहना क्या उचित होगा।

इसे राष्ट्रीय उत्सव कहना राष्ट्र और उत्सव दोनों शब्दों के साथ मजाक करना है। इसे राजकीय उत्सव तो कहा जा सकता है, परंतु राष्ट्रीय उत्सव कभी नहीं। क्या मतलब है उस राष्ट्रीय उत्सव का, जिसको राष्ट्र के सभी नागरिक ही अपने मन से नहीं मनाते हों।

हम सभी को इस पर भी अवश्य विचार करना चाहिए कि आखिर वह कौन-सा कारण है कि देश के नागरिकों को इसका मतलब समझ में नहीं आता है। और अगर मतलब समझ में आता है और फिर भी स्वयं से मनाना नहीं चाहते हैं। तो ये तो और भी ज्यादा चिंता का विषय है। 



क्या इसे हम सरकार कि विफलता नहीं कहेंगे कि साठ साल बाद भी उसका राष्ट्रीय उत्सव देश के आम आदमी तक नहीं पहुंच पाया है। आम आदमी तो इसके पीछे के इतिहास को समझ ही नहीं सका, तो वह इसे हर्षोउल्लास से कैसे मना सकता है। 

वास्तव में आजादी मिलने के बाद अपने देश में एक नई संस्कृति और नया राष्ट्र बनाने कि कोशिश शुरू की गई थी। इसलिए इस राष्ट्र से जुड़ी सारी प्राचीन चीजों को नष्ट करके नई संस्कृति को शुरू करने का प्रयास किया गया। नए नेताओं ने व महापुरुषों ने नया इतिहास रचाने कि कोशिश की। 

अगर पुरानी अस्मिता को नष्ट करके हमारे देश की और राष्ट्र की भलाई होती तो लोग आज परेशान न होते बल्कि आज हम देखते हैं कि पुराने जीवन मूल्यों और परंपराओं कि उपेक्षा करने से समस्याए बड़ी ही हैं कम नहीं हुई। 

गणतंत्र दिवस को यदि संविधान स्थापना समारोह के रूप में मनाया जाए तो फिर भी सही है। परंतु इसे राष्ट्रीय उत्सव कहना उचित नहीं है। जो उत्सव देश के आम आदमी को उत्साहित नहीं करता उसे राष्ट्रीय उत्सव कैसे कहें। 

गणतंत्र दिवस को मनाने में जनता का बहुत सारा पैसा लगता है, जो देश के विकास कार्यों के लिए बाधा बन जाता है तो क्या इसे मनाना उचित है?

            
                                                  _______________जयति गोयल




गुमान - डा. लक्ष्मी विमल (modified by kvp team in sense of restricting religious issues)

____________________________

कैसे हम गुमान करे देश ये महान है |
चीखती है नारियां ,अब करती चीत्कार है ,
नन्ही - नन्ही बालिका का होता बलात्कार है,
आदमी ही बन चूका वहशी , दरिंदा,हैवान है,
कैसे हम गुमान करे देश ये महान है |

मारती है माताएं बेटियों को पेट में ,
झोंकती है सासुएँ आग की लपेट में ,
जब नारियां ही नारियों पर करती अत्याचार है ,
कैसे हम गुमान करे देश ये महान है |

तंग हो गए सुंदरियों के अंग के कपडे ,
देखे तो लगता है ,पहने है वो चिथड़े
यत्र नारी नाग्नते तत्र ही उत्थान है ,
कैसे हम गुमान करे देश ये महान है |

नोचते है नेतागण भारत माँ की बेटियाँ,
सकते है पीढ़ी दर पीढ़ियों की रोटियां
दिल जितना काला, उतना उजला परिधान है,
कैसे हम गुमान करे देश ये महान है |

संत्री पद के लिए ज़रूरी परीक्षा ,
मंत्री पद के लिए क्या सिक्षा,
संसद में होता महाभारत, ये कैसा संविधान है 
कैसे हम गुमान करे देश ये महान है |

भूल गए जब महापुरुषों की कहानियाँ ,
व्यर्थ हो चुकी है सभी कुर्बानियां  
भगत सिंह जैसा अब कहाँ नोजवान है ,
कैसे हम गुमान करे देश ये महान है |

कैसी ये आज़ादी ,कैसा यह देश है,
भ्रष्टाचार में डूबा सारा परिवेश है
दुष्टों के आगे यहाँ तो हरा भगवन है
कैसे हम गुमान करे देश ये महान है |

____________________________

Sunday, January 16, 2011

Mere Shyam - Ankesh मेरे श्याम  - अंकेश 

_______________________________

कुछ पनघट से लाकर छोड़ा

कुछ अंखियो से पाकर जोड़ा

देख श्याम की राह में व्याकुल

गोपी का जल हुआ न थोडा

डूब गया दिन हुई है रतिया

लौट चली अब सारी सखिया

बोलो मेरे श्याम सलोने

ओर करू में कितनी बतिया

कही बावरी रात का घूघट

मुझको अपने अंक न ले ले

नटखट हुई चांदनी देखो

अपने सारे भेद न खोले



इन बिखरी आँखो का काजल

अर्धविप्त नयनो से बोले

बनी श्याम की राह में व्याकुल

इन नैनो से श्याम न खो दे

चली बावरी पवन भी देखो

मंद सौम्य सी ध्वनि सुनाती 

कही श्याम की बंसी पाकर

मुझ पर तो न रोब जमाती

उठी दिवा सी स्वेत किरण जो

इंदु छवि है मेरे उर की

आलंगन अधिकार अधूरा

आकर्षित अमृत अनुभेरी 





नयन ताकते तेरी सीमा 

निशा चली अब अपने डेरे

देख रवि कि किरण क्षितिज पर

भंवरो ने भी पंख है खोले 

बनी विरह कि बेधक ज्वाला

उषा का आह्वान कराती

अंधियारे से ढके विश्व को

अपनी लाली से नहलाती

कही श्याम कि चंचल लीला

निशा नीर सी आई हो 

सम्मुख होकर भी गोपी से 

वह तस्वीर छिपाई हो

उठी सुप्त सी कोई छाया

चली कही वो अपने डेरे

छिपी लालिमा अधर में जाके

यमुनाजल रवि किरणो से खेले

_______________________________